नर्सिंग की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दी

Spread the love

हल्द्वानी। आरटीओ रोड स्थित कलेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस व परिजनों को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार वार्ड 3 जसपुर ऊधमसिंह नगर निवासी विकास कुमार हल्द्वानी में एक लोहे की वर्कशप में काम करते हैं। उनकी 18 साल की बेटी अनुष्का आरटीओ रोड स्थित एक कलेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। अनुष्का अपनी मां व छोटे भाई के साथ शिव विहार तल्ली बमौरी में किराए के मकान में रहती थी। बीते शनिवार की दोपहर अनुष्का पढ़ाई की बात कहकर अपने कमरे में चली गई। इस दौरान मां कपड़े सुखाने छत पर गई थी। कुछ देर बाद जब वह नीचे आई तो बेटी फंदे पर लटकी थी, उसकी धड़कन चल रही थी। आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर परिजन निजी अस्पताल ले गए। जहां से उसे सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मेडिकल चौकी प्रभारी हरिराम ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *