संप्रेक्षण गृह का किया निरीक्षण, व्यवस्था का लिया जायजा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिला निरीक्षण समिति की ओर से महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र, राजकीय सुरक्षा स्थान व राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोरी) का निरीक्षण किया गया। इस दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुधार के निर्देश दिए गए।
परिवीक्षा अधिकारी/जिला बाल संरक्षण अधिकारी अरविंद कुमार ने राजकीय संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जिला निरीक्षण समिति की ओर से समय-समय पर संस्थानों का निरीक्षण कर बालिकाओं के संरक्षण एवं पुनर्वास हेतु प्रभावी कदम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। समिति की ओर से संस्थानों में उपलब्ध भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, काउंसलिंग एवं पुनर्वास प्रक्रियाओं को संतोषजनक एवं सुव्यवस्थित पाया गया। निरीक्षण के दौरान संस्थान में निवासरत बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया, जिसमें उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की जांच करते हुए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। जिला निरीक्षण समिति ने निर्देशित किया कि जिला परिवीक्षा कार्यालय के अंतर्गत संचालित समस्त संस्थानों में बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा, सुरक्षा एवं पुनर्वास से संबंधित सेवाओं की गुणवत्ता को निरंतर सुदृढ़ किया जाए। इस मौके पर तहसीलदार साक्षी उपाध्याय, सीएचओ दीपांजलि, चिकित्सक डा. आशीष गुसाईं, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ आदित्य बड़थ्वाल, मेडिकल इंचार्ज डा. चारु रावत, राकेश चंद्र, विमल ध्यानी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *