निर्देशों के अनुसार ही कार्य करें ऑब्जर्वर व एआरओ

Spread the love

-पोस्टल बैलेट की गणना के लिए कार्यशाला का किया गया आयोजन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा चुनाव को लेकर पोस्टल बैलेट की गणना के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में नोडल अधिकारी अमरेंद्र सिंह चौधरी ने कार्मिकों को पोस्टल बैलेट गणना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में जो निर्देश दिए गए हैं, उसी के आधार पर कार्य करना सुनिश्चित करें। कार्यशाला में 422 ऑब्जर्वर व एआरओ उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे के दिशा-निर्देशन में शनिवार को प्रेक्षागृह पौड़ी में आयोजित कार्यशाला में नोडल अधिकारी ने आगामी 10 मार्च को जनपद के समस्त विधानसभाओं की मतगणना के लिए पोस्टल बैलेट की जानकारी संबंधित कार्मिको से साझा की। उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित कार्मिकों को निर्देशित किया कि पोस्टल बैलेट प्राप्त होने पर उसकी भली-भांति जांच कर उसी के बाद उसे खोलना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पोस्टल बैलेट पर मतदाता द्वारा हस्ताक्षर या गलत चिह्न लगाया गया है तो वह पोस्टल बैलेट निरस्त किया जाएगा। मतदाता द्वारा पोस्टल बैलेट पर सही प्रक्रिया किए जाने पर ही उसकी गणना की जाएगी। साथ ही उन्होंने पोस्टल बैलेट की गणना के लिए नियुक्त किए गए ऑब्जर्वर व एआरओ को निर्देशित किया कि पोस्टल बैलेट की गणना के समय उसकी गोपनीयता बनाये रखें। उन्होंने कहा कि जिन विधानसभाओं के लिए ऑब्जर्वर व एआरओ नियुक्त हुए हैं, वह उसी विधानसभा मतगणना कक्ष में समय से उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *