शहर में मैक्स वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग स्थल नहीं होने से बढ़ी समस्या
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार शहर में पर्किंग स्थल नहीं होने के कारण समस्याएं बढ़ती जा रही है। हालत यह है कि मैक्स वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग नहीं होने के कारण पटेल मार्ग पर अव्यवस्थाओं का अंबार बना हुआ है। सड़क पर खड़े मैक्स वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
वर्तमान में शहर में करीब एक हजार मैक्स वाहन संचालित हो रहे हैं। प्रतिवर्ष इन वाहनों की संख्या में इजाफा भी देखने को मिल रहा है। लगातार बढ़ रही मैक्स वाहनों की संख्या यातायात के लिए एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। दरअसल, शहर में कहीं भी इन वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग स्थल तक नहीं बनाया गया। ऐसे में वाहन चालक बीच सड़क पर ही वाहनों को खड़ा कर सवारियां भरने लगते हैं। पटेल मार्ग व स्टेशन रोड पर सबसे बुरी स्थिति बनी रहती है। सड़क पर खड़े इन वाहनों के कारण पूरे दिन जाम की स्थिति देखने को मिलती है। पूर्व में शहरवासी कई बार प्रशासन को समस्या से अवगत करवा चुके हैं। लेकिन, अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।
लापरवाह बना सरकारी सिस्टम
पार्किंग स्थान व स्थाई मैक्स अड्डा नहीं होने से मैक्स वाहनों को सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारियां भरनी पड़ती है। ऐसे में कई बार दुर्घटनाओं का भी अंदेशा बना रहता है। कई बार मैक्स वाहन संचालक वाहन की रफ्तार धीमी कर सवारियों को बैठाते हुए आसानी से देखे जा सकते हैं। बावजूद इसके सरकारी सिस्टम लापरवाह बना हुआ है।