कोहरे व शीतलहर का सितम झेल रहे यात्री, शेड में हुआ कब्जा

Spread the love

स्टेशन रोड पर बने यात्री शेड में रेहड़ी-ठेली का हुआ कब्जा
खुले आसमान के नीचे बस का इंतजार करने को मुजबूर हुए यात्री
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भले ही नगर निगम व प्रशासन शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के दावे कर रहे हैं। लेकिन, हकीकत यह है कि स्टेशन रोड में स्थित यात्री शेड पर पिछले लंबे समय से रेहड़ी-ठेली वालों का कब्जा बना हुआ है। नतीजा, यात्रियों को सर्द आसमान के नीचे खड़े रहकर वाहनों का इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में लगातार बढ़ रही ठंड व शीतलहर यात्रियों को परेशान कर रही है। शिकायत के बाद भी नगर निगम व प्रशासन शेड को अतिक्रमण मुक्त करने की सुध नहीं ले रहा।
गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार से हर रोज सैकड़ों यात्री पहाड़ व मैदान के लिए यात्रा करते हैं। दिल्ली से दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र को जाने वाले अधिकांश प्रवासी कई बार रात की बस से सुबह तीन बजे कोटद्वार स्टेशन में पहुंच जाते हैं। लेकिन, यहां से पर्वतीय रूट की बस पकड़ने के लिए उन्हें घंटों ठंड की अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ रहा है। यात्री शीतलहर के बीच सर्द आसमान के नीचे बस के इंतजार को मजबूर हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रहे मुसाफिरों को हो रही है। वर्षों पूर्व यात्रियों की सुविधा के लिए बाजार चौकी के समीप बनाए गए यात्री शेड पर भी रेहड़ी-ठेली का कब्जा हो गया है। चौंकाने वाली बात तो यह है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बानने के दावे करने वाली पुलिस को यात्री शेड पर हुआ अतिक्रमण नहीं दिखाई देता।

सड़क पर भी बेपटरी व्यवस्था
कोटद्वार स्टेशन में यात्री सड़क किनारे खड़े होकर भी बस का इंतजार नहीं कर सकता। हालत यह है कि रेहडी-ठेली व अन्य व्यापारियों ने सड़क किनारे भी अपना कब्जा जमाया हुआ है। स्टेशन में फैली अव्यवस्थाओं के कारण यात्रियों को हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। यहीं नहीं पूर्व में कई बार हादसे भी हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *