पटेल मार्ग पर मैक्स वाहनों का कब्जा, पैदल चलना भी मुश्किल

Spread the love

जगह-जगह फैल अव्यवस्थाओं से लोगों को हो रही परेशानी
शिकायत के बाद भी समस्या को लेकर गंभीर नहीं है पुलिस
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर स्थित पटेल मार्ग की सड़क पर मैक्स वाहनों का अवैध कब्जा हो गया है। जगह-जगह सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े मैक्स वाहनों के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। चालक मैक्स वाहन को बीच सड़क पर खड़ा कर ही सवारियां भरने लगते हैं। ऐसे में हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार सिस्टम आंखे मूंद कर बैठा हुआ है। जबकि, उक्त मार्ग पर पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
नियमों की बात की जाए तो शहर के व्यस्त इलाकों में मैक्स, बस या अन्य भारी वाहन पार्क करना गैरकानूनी है। बावजूद इसके पटेल मार्ग पर सड़क किनारे दोनों ओर पूरे दिन मैक्स वाहनों की लंबी कतार लगी रहती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों से आने व जाने वाले मैक्स चालक बीच सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारी बैठाते व उतारते हैं। स्थानीय निवासी सचिन नेगी, राजीव कुमार ने बताया कि नियमों की अनदेखी के कारण मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। जगह-जगह खड़े मैक्स वाहनों के कारण मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है। यदि कोई व्यक्ति मैक्स वाहनों को हटाने के लिए कहता है तो चालक उनसे ही लड़ने लगते हैं। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के दावे करने वाली पुलिस को सड़क पर अवैध पार्किंग नजर नहीं आती। पुलिस की इस लापरवाही से लोगों में रोष बना हुआ है।

सड़क पर ही वाहनों की मरम्मत
पटेल मार्ग पर कई वाहन मिस्त्री सड़क पर ही वाहनों की मरम्मत का कार्य करते हुए आसानी से देखे जा सकते हैं। सड़क किनारे पैदल चलने वाले स्थान को पूरी तरह चौपहिया वाहनों ने घेर लिया है। ऐसे में राहगीरों को सड़क के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। पूर्व में हुई दुर्घटनाओं के बाद भी पुलिस सुध लेने को तैयार नहीं है। मार्ग पर सुबह से शाम तक अव्यवस्थाओं का अंबार लगा रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *