नईदिल्ली,। वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ कई बल्लेबाजों ने अपने बल्ले से खास छाप छोड़ी है। कीवी टीम के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने इन खिलाड़ियों ने दबाव में टिककर रन बनाए और टीम को जीत की राह दिखाई। निरंतर प्रदर्शन और बड़ी पारियों के दम पर ये बल्लेबाज रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुए। ऐसे में आइए इस प्रारूप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर एक नजर डाल लेते हैं।
पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी रिकी पोंटिग हैं। उन्होंने साल 1995 में कीवी टीम के खिलाफ अपना पहला वनडे मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह 2011 में इस टीम के खिलाफ खेलते हुए नजर आए थे। उन्होने 51 वनडे मुकाबले खेले थे और इसकी 50 पारियों में 45.83 की औसत से 1,971 रन बनाने में सफल रहे थे। उनके बल्ले से 6 शतक और 12 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 141* रन रहा था।
सूची में दूसरे स्थान पर भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैं। उन्होंने 2010 में पहली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मुकाबला खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 35 मुकाबले खेले हैं और इसकी 35 पारियों में 55.40 की औसत से 1,773 रन बनाए हैं। यह आंकड़ा अभी बढ़ सकता है क्योंकि फिलहाल कोहली वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। उनके बल्ले से 6 शतक और 10 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 154 रन रहा है।
तीसरे स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला वनडे मुकाबला साल 1990 में खेला था। आखिरी बार वह 2009 में खेलते हुए नजर आए थे। इस खिलाड़ी ने 42 मुकाबले खेले थे और इसकी 41 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 1,750 रन बनाए थे। उनकी औसत 46.05 की रही थी। तेंदुलकर के बल्ले से 5 शतक और 8 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 186 रन रहा था।
श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगाकारा इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ पहला मैच 2001 में खेला था। आखिरी बार वह 2015 में इस टीम के खिलाफ कोई वनडे मुकाबला खेलते हुए नजर आए थे। इस खिलाड़ी ने 47 मैच की 45 पारियों में 40.20 की औसत से 1,568 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 शतक और 12 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 113* रन रहा था।