शिकायतों को गंभीरता से लें अधिकारी : डीएम

Spread the love

जन संवाद कार्यक्रम में डीएम ने सुनी समस्याएं,12 शिकायतों का किया निराकरण
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिलाधिकारी सौरभ गहरवार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित 20 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जन संवाद कार्यक्रम में दर्ज शिकायतों और समस्याओं का निराकरण त्वरित गति से करें। इसमें किसी भी दशा में कोई विलंब न हो।
जनता मिलन/जन संवाद कार्यक्रम में ग्राम खैड़ी निवासी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज ग्वैफड़ को जाने वाला पैदल मार्ग खस्ताहाल है, जिसके कारण वहां से छात्र-छात्राओं का आवागमन करना खतरे का सबब बन गया है। उन्होंने इस मार्ग को जल्द से जल्द ठीक करने की मांग की, ताकि छात्र-छात्राओं को आवागमन में सहूलियत मिल सके। इसी तरह, ग्राम बावई की रहने वाली रीमा देवी ने बताया कि दुर्गाधार-बावई मोटर मार्ग में उनके मकान के ऊपर सड़क का पुस्ता खस्ताहाल हो गया है, जिससे उनके मकान को खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने जल्द से जल्द पुस्ता ठीक करने की मांग की। ग्राम पोखरा, विकासखंड अगस्त्यमुनि निवासी सुनीता देवी ने बताया कि वे एक बुजुर्ग महिला हैं और उनका पुराना आवास जीर्ण-शीर्ण हो चुका है। उन्होंने नए आवास निर्माण हेतु आर्थिक मदद की अपील की। इसके अलावा, अन्य लोगों ने भी सड़क, बिजली, पानी आदि से संबंधित समस्याओं को जन संवाद कार्यक्रम में दर्ज करवाया। इस मौके पर प्रभागीय वनाधिकारी कल्याणी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखलेश मिश्रा, जिला शिकायत निवारण केंद्र के सहायक विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *