जिला पंचायत की बोर्ड बैठक मेें अफसर अनुपस्थित, सदस्य भड़के

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जंगली जानवरों की दहशत, सड़क, पानी, बिजली आदि की समस्याएं सदन में रखीं। सदस्यों ने बोर्ड बैठक में अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर आक्रोश जताया। वहीं, अध्यक्ष रचना बुटोला ने बताया कि बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव जारी किया गया है। साथ ही कारण बताओ नोटिस भी भेजा जाएगा। अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। कालौं सीट के जिपं सदस्य कर्मवीर भंडारी ने क्षेत्र में जंगली जानवरों की दहशत से सदन को रूबरू करवाया। कहा कि पाबौ, थलीसैंण व बीरोंखाल क्षेत्र में गुलदार, बाघ, भालू के अलावा बंदरों व लंगूरों ने उत्पात मचा रखा है। आए दिन जंगली जानवरों से लोग परेशान हैं। उन्होंने वन विभाग से समस्या का स्थायी समाधान की मांग उठाई। कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में सड़कों की दयनीय स्थिति बनीं हुई हैं। जबकि पाबौ के कई क्षेत्रों में पेयजल का संकट शुरू हो गया है। इस मौके पर जिपं सदस्य महेंद्र राणा, डॉ. शिव चरण नौडियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *