अधिकारी बीडीसी बैठक, तहसील दिवस व अन्य बैठकों में तैयारी के साथ जाएं : तीरथ

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने गुरुवार को विकासभवन सभागार में विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। उन्होंने कहा कि जिन विभागों के कार्य शेष रह गए हैं, उन्हें गुणवत्ता के साथ जल्द कार्य पूरा करे। निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक से पूर्व सांसद ने पौड़ी, कोट व खिर्सू के 9 स्वयं सहायता समूहों को 1-1 लाख, 1 समूहों को 2 लाख के चेक वितरित किए। साथ ही सांसद द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार से सम्मानित भी किया। सांसद ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सिंगल यूज प्लास्टिक की शपथ भी दिलाई गई।
गढ़वाल सांसद ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बीडीसी बैठक, तहसील दिवस व अन्य बैठकों में पूर्ण तैयारियों के साथ जाएं। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि कोई अधिकारी अगर इस तरह की बैठकों में प्रतिभाग नहीं करता है तो संबंधित पर उचित कार्यवाही करें। उन्होंने देवप्रयाग व जनासू मार्ग पर जगह-जगह हुए गड्ड़ों को भरने व तत्काल सुधारीकरण के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। जल संस्थान व जल निगम की शिकायत पर सांसद ने बेहतर गुणवत्ता के पाईप लगाने एवं पाईप लाइन को सुरक्षित जगहों पर जमीन के अंदर बिछाने के निर्देश दिये। सांसद ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-समय पर कार्यों का फील्ड निरीक्षण भी करें, जिससे विकास कार्यों में तेजी आ सकेगी। उन्होंने समाज कल्याण व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोस्टर तैयार कर आस-पास के 3 से 4 विकासखंड़ो का एक साथ कैम्प लगाकर लोगों के पेंशन, दिव्यांग कार्ड सहित अन्य समस्याओं का निस्तारण करें। इस दौरान उन्होंने पीएमजीएसवाई के अधिकारी को सुरखेत स्थित गदेरा में पुलिया बनाने, संबंधित अधिकारी को यमकेश्वर के अंतर्गत कोडिया-किमसार मोटर मार्ग का निरीक्षण करते हुए तत्काल प्रभाव से कार्य करने को कहा। जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद में हो रहे विकास कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण करें। कहा कि आगामी किसी भी तरह की बैठकों में अधिकारी स्वयं प्रतिभाग करें। इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पांडे, परियोजना निदेशक डीआरडीए संजीव कुमार रॉय, जिला विकास अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, मुख्य शिक्षाधिकारी आंनद भारद्धाज, ब्लाक प्रमुख द्वारीखाल महेंद्र राणा, कोट पूर्णिमा नेगी, खिर्सू भवानी गायत्री, जयहरीखाल दीपक भंडारी, एकेश्वर नीरज पांथरी, सहित अन्य अधिकारी व नामित सदस्य उपस्थित थे।

पशुओं के टीकाकरण अभियान में तेजी लाएं
गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग पौड़ी-थलीसैंण-रामनगर पर पाबौ के समीप चपलोड़ी में अंधे मोड़ों का सुधारीकरण करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि जहां-जहां मार्गा की स्थिति सही नहीं है वहां समय पर कार्य करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा उन्होंने मुख्य शिक्षाधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के अंतर्गत जहां-जहां जर्जर विद्यालय हैं उन्हें चिन्हित करें, जिससे वहां समय पर कार्यवाही की जा सकेगी। उन्होंने पशुपालन अधिकारी को निर्देश दिये कि पशुओं में हो रही बीमारी के लिए टीकाकरण अभियान में तेजी लाएं। इस दौरान उन्होंने सांसद आदर्श गांव सिरतोली में हो रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि समय-समय पर कार्यों का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *