रुद्रप्रयाग : स्वतंत्रता दिवस को लेकर शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने अफसरों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों को जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाया जाएगा। जनपद के अमृत सरोवरों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित करने, खेल विभाग को क्रॉस कंट्री दौड़ एवं फुटबॉल प्रतियोगिता अयोजित करने के निर्देश भी दिए। खेल विभाग ने बताया कि 10 अगस्त से अंडर 16 बालक एवं बालिका वर्ग में इसके लिए खेल मैदान अगस्त्यमुनि में पंजीकरण शुरू कर दिए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस को लेकर अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 14 अगस्त को सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक सभी शासकीय भवनों को प्रकाशमय किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायतों को निर्देशित किया। इसी तरह 15 अगस्त को प्रात: 6 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक लाउडस्पीकर के माध्यम से देश प्रेम व देश भक्ति के गीतों का प्रसारण करने लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बताया कि हर घर तिरंगा को लेकर 15 अगस्त को सभी गांव, शहरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाए जाने के लिए समस्त कर्मचारी, विद्यार्थी स्व प्रेरित होकर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराएंगे। बताया कि शासन की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि प्लास्टिक के झंडे का प्रयोग न किया जाए। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रात: 7 बजे मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय से पेट्रोल पंप तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सभी शिक्षण संस्थानों व शासकीय कार्यालयों में प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान गायन किया जाएगा। ध्वजारोहण के बाद सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने-अपने परिसर में पौधरोपण करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा ऑपरेशन पराक्रम की सैन्य विधवाओं अथवा आश्रितों को ससम्मान आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं सैन्य विधवाओं अथवा आश्रितों को पूर्व की भांति इस वर्ष भी शाल भेंट किए जाएंगे। जिला मुख्यालय, स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती मरीजों को फल वितरण किया जाएगा। बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित भी किया जाएगा। बैठक में परियोजना निदेशक विमल कुमार, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग आशीष चंद्र घिल्डियाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र सिंह बिष्ट, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विमल गुसाईं आदि मौजूद थे। (एजेंसी)