जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने किया आपदा प्रभावित आमसौड़ गांव का निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने दुगड्डा क्षेत्र के अंतर्गत आमसौड़ गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को वर्षाकाल से पूर्व आमसौड़ के ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
मालूम हो कि गत वर्ष बरसात के दौरान आमसौड़ गांव में हुए भूस्खलन के चलते कई घरों को क्षति पहुंची थी। हालांकि, जिला प्रशासन की तत्परता से ग्रामीणों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया था। मंगलवार शाम जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने स्थल का निरीक्षण करते हुये अधिकारियों को मानसून सीजन से पहले भूस्खलन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूस्खलन से बचाव के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण करने को भी कहा। उन्होंने निर्देश दिये कि तेजी से बहने वाले पानी के बहाव को चैनलाइज किया जाए। साथ ही बाढ़ के खतरे की जद में आ रहे घरों को चिह्नित करके उनमें रहने वाले लोगों के विस्थापन की व्यवस्था की जाए। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को प्रभावित हो रहे लोगों को तंबू देने, उन्हें सुरक्षित स्थलों पर ले जाने हेतु भविष्य की कार्य योजना बनाने व अतिरिक्त चेकडैम बनाने के भी निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष पेयजल संकट की समस्या भी रखी। इस पर जिलाधिकारी ने पेयजल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत से समन्वय बनाने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान पेयजल निगम कोटद्वार इकाई के अधिशासी अभियंता आशीष मिश्रा, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।