विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने किया एआरटीओ कार्यालय का निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने सिम्मलचौड़ स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय पर लोगों की समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। कहा कि अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसी भी व्यक्ति को एआरटीओ के चक्कर न काटने पड़े।
निरीक्षण के दौरान विस अध्यक्ष ने वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने, वाहन फिटनेस जांच व सड़क परिवहन से संबंधित अन्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की। कहा कि परिवहन कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आमजन परिवहन से संबंधित कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इन लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएं। अधिकारी व कर्मचारी हर कार्य में पारदर्शिता लाएं। समय सीमा पर लोगों के कार्यों का निस्तारण करें। आनलाइन व एसएमएस के माध्यम से लोगों को कार्यालय से संचालित होने वाली जानकारी देते रहे। कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।