जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग की 27 न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जनपद में जूनियर हाई स्कूल फलई, राजकीय इंटर कॉलेज मनसूना, एवं राजकीय इंटर कॉलेज चोपड़ा में बहुउद्देशीय शिविर “प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
जूनियर हाई स्कूल फलई में आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत द्वारा की गई। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर उन्होंने सर्वप्रथम विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा 83 समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं, जिनमें से 57 समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। शिविर में समान नागरिक संहिता के अंतर्गत 14 विवाह पंजीकरण भी संपन्न कराए गए। शिविर में ग्राम प्रधान फलई प्रकाश चंद्र, पूर्व प्रधान फलई विजय पाल राणा, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेन्द्र बिष्ट, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
मनसूना में 20 तो चोपड़ा में 136 समस्याएं दर्ज
राजकीय इंटर कॉलेज, मनसूना में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला द्वारा की गई। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा 20 से अधिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं, जिनमें से अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। राजकीय इंटर कॉलेज, चोपड़ा में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी द्वारा की गई। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा 136 समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं, जिनमें से 100 समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।