अधिकारियों ने लिया पानी की समस्या का जायजा

Spread the love

देहरादून। चमनपुरी व ब्रह्मापुरी में पानी की समस्या का संज्ञान लेते हुए गुरुवार को जल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों ने इलाके का संयुक्त निरीक्षण कर पानी की समस्या का जायजा लिया। जल निगम व जल संस्थान के अधिकारी करीब तीन घंटे तक मौके पर रहे और हरेक गली की लाइन व वाल्व का निरीक्षण किया। चमनपुरी स्थित ट्यूबवेल की निकासी को भी देखा गया। ब्रह्मापुरी वार्ड के पार्षद सतीश कश्यप ने बताया कि अधिकारियों ने ट्यूबवेल के पाइप को खुलवाकर प्रेशर चेक किया। इसमें प्रेशर ठीक पाया गया। ट्यूबवेल के बगल में ही ब्रह्मापुरी को जाने वाले वाल्व को खुलवा कर देखा तो वहां पानी की निकासी ठीक नहीं थी। लेकिन अधिकारियों को उसका कारण समझ नहीं आया चूंकि ट्यूबवेल से पर्याप्त प्रेशर में पानी निकल रहा था। कुछ देर इसी माथा पच्ची में लगे रहे। इस बीच स्थानीय लोगों के कहने पर ट्यूबवेल के बगल से ही चमनपुरी से राजीव नगर की ओर जाने वाली लाइन का दूसरा वाल्व खोला गया। इस वाल्व का पता अधिकारियों को भी नहीं था। जब इस वाल्व को खोला गया तो काफी प्रेशर से पानी वापस सड़क पर आकर गिरने लगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस जगह पर काफी समय से लाइन में लीकेज हो रहा था। ये वाल्व और उससे लगी हुई लाइन चढ़ाई वाले हिस्से में थी। इसलिए इसे खोलते ही पानी ने बेक मारा। इस लाइन से काफी पानी जमीन पर रिस रहा था। जिस कारण चमनपुरी के लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा था। अधिकारियों ने इस वाल्व समेत इलाके के कई अन्य वाल्व को चलती लाइन में चेक किया। देर शाम को इलाके में सप्लाई को सामान्य करने में सफलता पाई। जल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र के सारे वाल्व फिर से ठीक किए जाएंगे। इलाके में कुल सात आठ वाल्व है। जिसमें आठ नौ किलोमीटर लम्बी पेयजल लाइन के जरिए उपभोक्ताओं को पीने के पानी की सप्लाई होती है। मौके पर जल संस्थान के एई विनोद पांडे, जेई राजीव विश्वकर्मा, पेयजल निगम के जेई रामकुमार, भाजपा शक्ति केन्द्र संयोजक नाथीराम धीमान, संजीव सिंघल, मोहम्मद कादिर, नीतू वालिया, देवीदयाल रावत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *