अधिकारी करेंगे ग्राम पंचायतों का भ्रमण, ग्रामीणों की समस्याओं का होेगा समाधान

Spread the love

सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत माह मार्च के लिए रोस्टर हुआ जारी
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत जनपद स्तरीय अधिकारी विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान अधिकारी ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण करेंगे। साथ ही सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से ग्रामीणों को अवगत कराएंगे। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में उक्त कार्यक्रम को लेकर माह मार्च हेतु रोस्टर जारी किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि आम जनमानस की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निस्तारण हो सके। इसी के दृष्टिगत जनपद स्तरीय अधिकारी ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे, ताकि उनकी समस्याओं को सुनने व समाधान करने के साथ-साथ ग्रामीणों को सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया जा सके। उन्होंने बताया कि माह मार्च हेतु जारी रोस्टर के अनुसार उप वन संरक्षक रजत सुमन, जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर एवं जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. दीपा तिलारा विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत स्यूंड में ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। इसी तरह अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा उप निदेशक खान वीरेंद्र कुमार व जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ग्राम पंचायत जाखणी में भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनेंगे। उन्होंने बताया कि उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, अधिशासी अभियंता मनोज कुमार तथा तहसीलदार जखोली विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत सतनी, जबकि उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश व अधिशासी अभियंता एनएच ओंकार पांडेय विकास खंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत धारकोट में ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने बताया कि कुल 15 टीमें गठित की गई हैं जिनमें 45 जनपद स्तरीय अधिकारियों को शामिल किया गया है। अधिकारी अलग-अलग ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *