ओमीक्रोन: दुनियाभर में 100 से अधिक मामलों की पुष्टि

Spread the love

-कोरोना वायरस के सबसे खतरनाक वैरिएंट बताया जा रहा ओमीक्रोन
-सबसे ज्यादा मामले नीदरलैंड में पाए गए हैं इस नए वैरिएंट के
नई दिल्ली, एजेंसी : कोरोना वायरस ने दुनिया में एक बार फिर दहशत फैला दी है। दक्षिणी अफ्रीका में मिले कोरोना वायरस के सबसे खतरनाक वैरिएंट बताए जा रहे ओमीक्रोन वैरिएंट को लेकर भारत समेत दुनिया के सभी देश सतर्क हो गए हैं। दुनियाभर में इस नए वैरिएंट के 100 से अधिक मामलों की पुष्टि हुई है। सबसे ज्यादा नीदरलैंड में 13 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा जर्मनी, इटली, बेल्जियम, इजरायल, हांगकांग में भी कोरोना के इस नए वैरिएंट के मामले मिले हैं। बताया जा रहा है कि ओमीक्रोन में डेल्टा वैरिएंट के मुकाबले दोगुना तेजी से म्युटेशन हो रहा है।
नया वैरिएंट क्या है और यह चिंता का विषय क्यों है
वैज्ञानिकों के पास वैरिएंट के बारे में पूरी जानकारी नहीं है। वैज्ञानिकों ने बी.1.1.529 नामक एक नए कोविड -19 वैरिएंट ओमीक्रोन का पता लगाया है और इसके संभावित प्रभावों को समझने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग, इजराइल और बोत्सवाना में लगभग 100 पुष्ट मामलों की पहचान की गई है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह डेल्टा संस्करण की तुलना में तेजी से फैल सकता है, जो की बेहद चिंताजनक है।
कहां मिला है नया वैरिएंट?
कोरोना का यह वैरिएंट 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका में पाया गया। नैदानिक प्रयोगशालाओं के शुरुआती संकेत बताते हैं कि यह वैरिएंट गौतेंग में तेजी से बढ़ा है और दक्षिण अफ्रीका के अन्य आठ प्रांतों में यह पहले से ही मौजूद हो सकता है। दक्षिण अफ्रीका में ओमीक्रोन के लगभग 100 नमूनों की पुष्टि हुई है। ओमीक्रोन वैरिएंट बोत्सवाना और हांगकांग में भी पाया गया है। वैज्ञानिकों का मानना है कि गौतेंग में 90 फीसद नए मामले इ.1.1.529 के हो सकते हैं।
बी.1.1.529 की अन्य वैरिएंट के साथ तुलना
वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने ओमीक्रोन वैरिएंट को महामारी की शुरुआत के बाद से देखे गए सबसे खराब वैरिएंट के रूप में वर्णित किया है। स्पाइक प्रोटीन में इसके 32 म्यूटेशन हैं, जो की डेल्टा वैरिएंट के मुकाबले लगभग दोगुना है। स्पाइक प्रोटीन में म्यूटेशन वायरस की कोशिकाओं को संक्रमित करने और फैलने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है। डेल्टा वैरिएंट पहली बार 2020 के अंत में मिला था और देखते ही देखते वह दुनिया भर में फैल गया। अन्य कोरोना वायरस वैरिएंट में अल्फा, बीटा और गामा शामिल हैं।
किन देशों ने लगाया है यात्रा पर प्रतिबंध
ओमीक्रोन के बढ़ते दायरे के बीच दक्षिणी अफ्रीकी देशों के खिलाफ यात्रा प्रतिबंध लगाने वाले देशों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को रेड लिस्ट में डाल दिया है। यात्रा संबंधी पाबंदियां लगाने वाले नए देशों में न्यूजीलैंड, थाइलैंड, इंडोनेशिया, सिंगापुर और मालदीव शामिल हैं। इससे पहले श्रीलंका, सऊदी अरब, ब्राजील, कनाडा, इजरायल, जापान, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय संघ, ईरान, आस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और अमेरिका प्रतिबंध लगा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *