संसद की सदस्यता निरस्त होने पर राहुल गांधी बोले- भारत की आवाज के लिए लड़ रहा हूं, हर कीमत चुकाने को तैयार

Spread the love

 

नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा से अपनी सदस्यता खत्म होने पर प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि वह भारत की आवाज के लिए लड़ रहे हैं और वह इसके लिए हर कीमत चुकाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मैं भारत की आवाज के लिए लड़ रहा हूं। मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं।”
मालूम हो कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता शुक्रवार को रद्द कर दी गई। राहुल गांधी ने मोदी सरनेम को लेकर टिप्पणी की थी, जिसपर सूरत की कोर्ट ने मानहानि के मामले में राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई थी। लोकसभा सचिवालय ने नोटिफिकेशन जारी करते हुए उन्हें अयोग्य करार दिया।
राहुल गांधी को अयोग्यता घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये राजनीतिक लड़ाई बरकरार रहेगी। जयराम रमेश ने कहा कि हम पीछे नहीं हटेंगे। राहुल गांधी कोई धमकी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री डरे हुए हैं। इसलिए, वे बार-बार राहुल गांधी और अन्य विपक्ष के नेताओं को डराते रहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा घबराई हुई है। वे जानती है कि भारत जोड़ो यात्रा ने न केवल कांग्रेस संगठन में नई उमंग जगाई है, बल्कि पूरे देश में एक नया उत्साह, भविष्य का रास्ता दिखाया है।
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने पर विपक्षी नेताओं का उनको समर्थन मिल रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश में डर का माहौल है। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी का नया भारत बताते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष के नेताओं को मुख्य तौर पर लक्ष्य बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *