रितु भूषण खंडूड़ी को टिकट मिलने पर बोले धीरेंद्र चौहान, भाजपा, कांग्रेस को गिफ्ट दे रही कोटद्वार सीट इसलिए निर्दलीय संभालूंगा मोर्चा

Spread the love

-धीरेंद्र चौहान लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव, जल्द कर सकते हैं नामांकन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय जनता पार्टी हाईकमान की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की बेटी यमकेश्वर विधायक रितु भूषण खंडूड़ी को कोटद्वार विधानसभा सीट से टिकट देने के बाद भाजपाइयों का एक गुट नाराज हो गया है। वहीं, पार्टी में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे और चुनाव की तैयारी कर रहे धीरेंद्र चौहान ने भी निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वह आज या कल में कभी भी नामांकन कर सकते हैं। दैनिक जयन्त से दूरभाष पर वार्ता में धीरेंद्र चौहान ने कहा कि भाजपा हाईकमान के कोटद्वार विस सीट पर लिए गए निर्णय से कांग्रेस को यह सीट गिफ्ट में मिल जाएगी। ऐसा न हो इसीलिए वह समर्थकों के कहने पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं और कोटद्वार सीट को कांग्रेस में झोली में जाने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं।
बुधवार को भाजपा हाईकमान ने 11 में से नौ सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। जिसमें कोटद्वार विधानसभा सीट से यमकेश्वर विधायक रितु भूषण खंडूड़ी को मैदान में उतारा गया है। यमकेश्वर सीट से रितु भूषण खंडूड़ी का टिकट कटने के बाद कई भाजपाइयों में असंतोष पनपने लगा था। इसके अलावा कोटद्वार सीट से भी भाजपा हाईकमान दावेदारों के पैनल पर भरोसा नहीं कर पा रही थी। कार्यकत्र्ताओं को संतुष्ट करने व पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की कोटद्वार विस सीट से हार को सहानुभूति में बदलने के लिए भाजपा ने ट्रम्प कार्ड खेला और रितु भूषण खंडूड़ी को कोटद्वार विधानसभा सीट से टिकट दे दिया। हालांकि, भाजपा का यह दांव उसी पर भारी पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। दरअसल, रितु भूषण खंडूड़ी को टिकट मिलने के बाद भाजपा की ओर से टिकट के प्रबल दावेदार धीरेंद्र चौहान व उनके समर्थक नाराज हो गए हैं। धीरेंद्र चौहान का कहना है कि भाजपा का यह फैसला कांग्रेस को जीत दिलाने वाला है। इसीलिए वह निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *