जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शरदीय नवरात्र के पहले दिन सोमवार को नगर के प्रसिद्ध मंदिरों में माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। भक्तों ने विधि-विधान से मां दुर्गा का पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। साथ ही लोगों ने घरों और मंदिरों में कलश स्थापना की। मंदिर माता रानी के जयकारों से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवती से सुख समृद्धि की कामना भी की। नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही घर-घर में मां की पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भक्तों ने अपने घरों में पहले साफ सफाई कर मंदिरों को रंग बिरंगे फूलों और लाइटों से सजाया। कलश स्थापित कर दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। विधि विधान से माता रानी का पूजन किया। घरों से लेकर मंदिरों में मां के जयकारे गूंजते रहे। देवी मंदिर, संतोषी माता मंदिर सहित क्षेत्र के सभी मंदिरों में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए और सुख समृद्धि के लिए कामना की।