महाशिवरात्रि पर्व पर कस्बे से देहात तक हुआ जलाभिषेक

Spread the love

रुड़की। महाशिवरात्रि पर्व पर सीमली मंदिर और खानपुर के जटा महादेव शंकर मंदिर पर तीन दिवसीय मेले की शुरुआत हो गई। जलाभिषेक के बाद बड़ी संख्या में मेलों में पहुंचकर लोगों ने खरीदारी की। इस दौरान पुलिस बल मौजूद रहा। बताते चलें कि रविवार को महाशिवरात्रि पर्व कस्बे से लेकर देहात तक धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह तड़के से ही श्रद्धालु स्नान करने के बाद भगवान शिव के मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गए। लक्सर कस्बे के सीमली स्थित मंदिर पर भक्तों ने जल चढ़ाया और क्षेत्र के लोगों की मेले में भारी भीड़ रही। मंदिर के पुजारी अरविंद शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक करने का बड़ा ही महत्व है। इसके अलावा खानपुर के महाभारत कालीन स्थित जटा महादेव शंकर मंदिर पर भी लोगों ने जलाभिषेक किया। वहां पर तीन दिवसीय मेले का भी आयोजन हो गया। इस मेले में दूसरे राज्यों के भी श्रद्धालु मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने के लिए आते हैं। वहीं प्रलादपुर के शिव हनुमान मंदिर पर भी जलाभिषेक किया गया। पथरी के जंगल में स्थित पथलेश्वर महादेव पर भी जलाभिषेक हुआ। इसके अलावा लक्सर कस्बे के खंड विकास कार्यालय में स्थित प्राचीन शिव मंदिर व शिवपुरी शिव मंदिर पर जलाभिषेक किया गया मंदिर के पुजारी पंडित संदीप भारद्वाज शास्त्री ने बताया कि यहां पर श्रद्धालुओं के साथ-साथ कावड़ियों ने भी जलाभिषेक किया। उधर महाभारत कालीन स्थित पंचलेश्वर पश्चिम मुहानी मंदिर पर भी श्रद्धालुओं ने पहुंच कर जलाभिषेक किया। इसके अलावा कस्बे से लेकर देहात तक स्थित मंदिरों में जलाभिषेक किया गया। वहीं महिलाओं व पुरुषों ने स्नान व जलाभिषेक कर व्रत रखा। पंडित सुशांत शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। उधर एसडीएम सौरभ असवाल व सीओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में सभी मंदिरों पर शांति व्यवस्था बनाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *