महिला से दुष्कर्म के एक आरोपी को भेजा जेल, एक फरार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कल्जीखाल ब्लाक की मनियारस्यूं पट्टी क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म के एक आरोपी को सतपुली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष सतपुली दीपक तिवाड़ी ने बताया कि मनियारस्यूं क्षेत्र के एक गांव की महिला ने दो युवकों पर बीती 30 अक्तूबर को दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए 4 नवंबर को राजस्व पुलिस में मामला दर्ज करवाया था। राजस्व पुलिस को सौंपी तहरीर में महिला ने बताया कि दोनों युवकों ने 30 अक्तूबर को उसे सतपुली से घंडियाल जाने के लिए अपनी टैक्सी में बैठाया और अन्य सवारियों को रास्ते में उतार दिया था। इसके बाद दोनों युवकों ने रास्ते में महिला से दुष्कर्म किया। जिसके बाद पीड़ित महिला ने राजस्व पुलिस में तहरीर दी। जिस पर राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए रेगुलर पुलिस को भेजा। यह मामला 7 नवंबर को रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किया गया। शुक्रवार को मामले के एक आरोपी को मनियारस्यूं स्थित उसके गांव से सतपुली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दूसरा आरोपी अभी फरार चल रहा है। गिरफ्तार आरोपी को जिला एवं सत्र न्यायालय पौड़ी में पेश किया गया। जहां से आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक प्रियंका नेगी और कांस्टेबल तेज सिंह शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *