रुड़की। देहरादून हाईवे पर पुहाना के समीप शुक्रवार देर रात दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दौरान एक चालक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार देर रात सूचना मिली कि सामान से लदे दो ट्रक आपस में भिड़ गए। हादसे में पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक जुनैद पुत्र जावेद निवासी सुजडू थाना खालापार मुजफ्फरनगर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं दूसरे ट्रक में सवार नोमान पुत्र लुकमान निवासी बागपत और साहिम पुत्र आबिद निवासी बागपत घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सरकारी अस्पताल भिजवाया। साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। उपनिरीक्षक पुनीत दनोशी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का उपचार जारी है।