राजकीय बेस चिकित्सालय में मात्र एक फिजिशियन की तैनाती
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में फिजिशियन की कमी मरीजों पर भारी पड़ रही है। मात्र एक फिजिशियन के कंधों पर ही सैकड़ों मरीजों की जिम्मेदारी बनी हुई है। ऐसे में ओपीडी की पर्ची बनवाने के बाद भी लोगों को चिकित्सक के सलाह के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
कलालघाटी निवासी मोहन सर्दी-जुकाम व बुखार की शिकायत होने पर उपचार के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचे थे। ओपीडी की पर्ची बनवाने के बाद फिजिशियन के कक्ष में उन्हें टोकन तो मिला। लेकिन, काफी इंतजार के बाद भी उनका नंबर नहीं आया। ऐसे में मोहन को उपचार के लिए निजी चिकित्सक की शरण लेनी पड़ी। यह स्थिति केवल राजीव ही नहीं बल्कि, बेस अस्पताल में आने वाले अधिकांश मरीजों की बनी हुई है। दरअसल, वर्तमान में बदल रहे मौसम के कारण जहां सर्दी-जुकाम व बुखार का प्रकोप है, वहीं डेंगू की मार भी आमजन झेल रहा है। लेकिन, फिजीशियन की बात करें तो मात्र एक फिजीशियन के भरोसे तमाम मरीज हैं। दअरसल, कोटद्वार बेस अस्पताल में सामान्य दिनों में चार-पांच सौ मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। लेकिन, इन दिनों यह संख्या छह सौ तक पहुंच गई है। जिसमें सबसे अधिक मरीज फिजिशियन की ओपीडी से संबंधित होते हैं। लेकिन, अस्पताल में फिजिशियन के स्वीकृत पांच पदों में से केवल एक पद पर ही तैनाती है। ऐसे में एक चिकित्सक पर सैकड़ों मरीजों का भार पड़ गया है। अतिरिक्त समय देने के बाद भी फिजिशियन दो-ढाई सौ मरीजों को ही देख पाते हैं। नतीजा, मरीजों को निजी क्लीनिकों की ओर दौड़ लगानी पड़ती है। स्थानीय जन लंबे समय से अतिरिक्त फिजिशियन की तैनाती करने की मांग भी उठा रहा है।