उत्तरकाशी()। जनपद मुख्यालय में रसोई गैस की आपूर्ति की समस्या और कई स्थानों पर लग रही लंबी लाइन को देखते हुए जिला पूर्ति विभाग और गैए एजेंसी की ओर से एक सप्ताह का रोस्टर जारी किया गया है। इसके अनुसार आज से छह अप्रैल तक जनपद मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में रसोई गैस सिलिंडर का वाहन चिह्नित स्थानों पर पहुंचकर आपूर्ति को पूरा करवाएगा। जनपद में रसोई गैस की आपूर्ति की समस्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। लोग सिलिंडर का वाहन पहुंचने की सूचना पर सुबह तड़के तीन से चार बजे से ही लाइनों में खड़े होकर इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं। इस बीच कई स्थानों पर वाहन न पहुंचने पर लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बीते तीन दिन जोशियाड़ा में रसोई गैस सिलिंडर न मिलने पर लोगों ने उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग जाम कर दिया था। साथ ही इससे पूर्व लदाड़ी बैंड के समीप भी लोगों ने सड़क जाम कर दी थी। उसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने अब गैस आपूर्ति के लिए रोस्टर जारी कर दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि उत्तरकाशी गैस एजेंसी की ओर से जारी रोस्टर के अनुसार 31 मार्च को गणेशपुर और ज्ञानसू पुलिस लाइन में रसोई गैस सिलिंडर मिलेगा। उसके बाद एक अप्रैल को मुस्टिकसौड़, दो अप्रैल को नेताला, तीन को कलेक्ट्रेट कॉलोनी, चार को जोशियाड़ा पार्किंग सहित पांच अप्रैल को रामलीला मैदान और छह अप्रैल को पटुड़ी धनारी में गैस की आपूर्ति की जाएगी।