जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत जौनपुर निवासी एक महिला को उसके पति व बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर लाखों की ठगी करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। व्यक्ति लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। जिसके बाद पुलिस ने उसके ऊपर ईनाम भी घोषित किया था।
इस संबंध में जौनपुर निवासी आरती बेलवाल की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। जिसमें उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। व्यक्ति ने उनके पति व बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। बताया कि पति या अन्य किसी को भी यह बात न बताने की धमकी दी। लगातार फोन कर व्यक्ति उन्हें डरा रहा था। व्यक्ति के डर से उन्होंने उसे अलग-अलग समय पर छ: लाख 90 हजार रुपये की धनराशि भी दी। बताया कि इसके बाद भी लगातार व्यक्ति उन्हें बच्चों व पति को जान से मारने की धमकी दे रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी नेगी ने बताया कि सर्विलांस के आधार पर युवक की पहचान बिहार चंपारण कुर्सीबखा निवासी आसिफ इमाम के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी पर दस हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया हुआ था। बताया कि पुलिस ने आसिफ इमाम को बिहार से गिरफ्तार किया। बताया कि संबंधित व्यक्ति के बैंक खातों में हुए लेन-देन की जांच की जा रही है।