केवल भाजपा ही कर सकती है प्रदेश का विकास: महाराज

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। चौबट्टाखाल विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश का बेहतर विकास केवल भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। भाजपा के पांच सालों में हुए विकास कार्य भी धरातल पर नजर आ रहे हैं। इस दौरान सतपाल महाराज ने विधानसभा क्षेत्र के कई ग्राम सभाओं में जनसंपर्क भी किया।
शुक्रवार को बारिश व बर्फबारी के बीच सतपाल महाराज ने अपना जनसंपर्क अभियान जारी रखा। उन्होंने वीरोंखाल मण्डल के सिल्ली मल्ली, तकुलसारी, जाखणी, ढौंर, मैठाणा घाट, बयेडा और फरसाड़ी आदि ग्रामीण क्षेत्रों में अपना जनसंपर्क किया। सतपाल महाराज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास बलिदानियों का इतिहास रहा है। भाजपा ने देश के साथ ही उत्तराखंड के बेहतर विकास के लिए योजनाएं बनाई। कहा कि कांग्रेस ने देश विभाजन और समाज में वैमनस्यता फैलाने के अलावा कोई दूसरा कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि चुनाव को अब मात्र 10 दिन बचे हैं, इन 10 दिनों में हमें तय करना है कि हम उत्तराखंड के अंदर विकास चाहते हैं या भ्रष्टाचार। उन्होंने जनता से भारतीय जनता पार्टी को वोट देकर प्रधानमंत्री मोदी के हाथों को मजबूत करने की अपील की। कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने राज्य में अनेक विकास कार्य किए है। चौबट्टाखाल विधानसभा को भी सड़क, पेयजल सहित कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। इस दौरान सतपाल महाराज की पत्नी अमृता रावत ने भी जनता से भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *