जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पौड़ी जिले के पोखड़ा ब्लाक में गुलदार की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही है। गुलदार की दहशत के बाद राजकीय प्राथमिक विद्यालय बासई तल्ली को गांव के ही पंचायत भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। इस स्कूल को पंचायत भवन पर संचालित करने के लिए एसएमसी ने शिक्षा विभाग से मांग की थी। इस प्रस्ताव के बाद प्राइमरी स्कूल को गांव के पंचायत भवन पर संचालन को लेकर उप शिक्षा अधिकारी ने अनुमति दे दी है।
बता दें कि पोखड़ा ब्लाक के बगड़ीगाड़ गांव में बीती 13 नवंबर को एक महिला को गुलदार ने निवाला बना लिया था। साथ ही दो दिन बाद ही घंडियाल गांव में भी एक अन्य महिला को गुलदार ने घायल किया था। गुलदार के इन हमलों के बाद चार दिन तक ब्लाक के 12 स्कूलों पठन-पाठन के लिए बंद रहे। बुधवार को इन स्कूलों को दुबारा खोल दिया गया था। इस बीच बासई प्राइमरी स्कूल अब गांव के ही पंचायत भवन पर गुरुवार से संचालित होना शुरू हो गया। हालांकि पोखड़ा के ब्लॉक प्रमुख संजय गुंसाई पहले ही गुलदार प्रभावित स्कूलों को शिफ्ट करने की मांग कर चुके है। ब्लाक प्रमुख संजय गुंसाई ने बताया कि अभी और भी प्रस्ताव जल्द एसएमसी के माध्यम से शिक्षा विभाग को दिए जा रहे हैं, ताकि इन स्कूलों को भी सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा सके। उप शिक्षाधिकारी पोखड़ा मनोज जोशी ने बताया कि बासई में 3 छात्र हैं और एक शिक्षक तैनात है। इस स्कूल को पंचायत भवन पर संचालन की अनुमति दी गई है। स्कूल तब तक यही संचालित होगी जब तक कि क्षेत्र में गुलदार का भय बना हुआ है और इसके बाद पुन: स्कूल अपने ही भवन पर चलेगी। उप शिक्षाधिकारी जोशी के मुताबिक एक ही स्कूल का प्रस्ताव शिफ्टिंग को लेकर मिला, उसे अनुमति दे दी गई है। यदि अन्य कोई प्रस्ताव आते हैं तो विभाग उस पर भी विचार करेगा।