जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सरकार की क्लस्टर विद्यालय नीति का शिक्षक संघों के साथ ही अभिभावकों ने भी विरोध करना आरंभ कर दिया है। अभिभावकों का कहना है कि यह नीति छात्र हित में नहीं है। सरकार को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।
इस संबध में गुरूवार देर शाम को आमसौड़ के ग्रामीणों की आयोजित बैठक में अभिभावकों ने विकासखंड दुगड्डा के आमसौड़ व जमरगड्डी क्षेत्र में स्थित राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय और राजकीय हाईस्कूल आमसौड़ का क्लस्टर विद्यालय नीति के अंतर्गत राजकीय इंटर कालेज दुगड्डा में प्रस्तावित समायोजन का विरोध करते हुए कहा कि इन विद्यालयों में दूर दराज के गांवों से लगभग चार किमी. की दूरी तय कर बच्चे पढ़ने आते हैं। वर्षाकाल में स्कूल के रास्ते पर आने वाले गदेरे उफान पर रहते हैं, ऐसे में बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अगर इन विद्यालयों को दुगड्डा इंटर कालेज में समायोजित किया गया तो बच्चों की परेशानी बढ़ना तय है। बच्चों को अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी। कहा कि अभिभावक किसी भी हालत में अपने पाल्यों को दुगड्डा नहीं भेजेंगे। यदि विभाग की ओर से जोर जबरदस्ती की जाती है तो ग्रामीण आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। बैठक में पूर्व क्षेपंस कुंदन सिंह, देवेश्वरी देवी, सुनीता देवी, सरिता देवी, दिनेश सिंह, मायाराम, सतेंद्र प्रसाद, मनोहर सिंह, श्यामलाल और नंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।