जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : राजकीय शिक्षक संघ पौड़ी ने क्लस्टर विद्यालयों का विरोध शुरू कर दिया है। संघ ने प्रांतीय कार्यकारिणी को पत्र भेजकर इसका विरोध किया है। संघ के जिलाध्यक्ष बलराज सिंह गुसांईं ने प्रदेश के सभी अभिभावक संघ व स्कूल प्रबंधन कमेटी के सदस्यों से प्रस्ताव पास कर शासन-प्रशासन से क्लस्टर स्कूल खोलने संबंधी सरकार के निर्णय को वापस लेने का आग्रह भी किया है।
संघ के जिलाध्यक्ष बलराज सिंह गुसांईं व जिलामंत्री बिजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए राजकीय शिक्षक संघ क्लस्टर विद्यालयों का विरोध कर रहा है। कहा कि इन विद्यालयों के खुलने से प्रदेश में सरकारी माध्यमिक विद्यालयों की संख्या 1552 से घटकर मात्र 559 रह जाएगी। कहा कि पहाड़ों में गाड़ी की उपलब्धता हर समय नहीं रहती, जिससे विद्यार्थी समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाएंगे। इसके साथ ही गांव से दूर विद्यालय जाने में जंगली जानवरों का भय भी बना रहेगा और स्कूल तक पहुंचने के ही मानसिक तनाव से छात्र -छात्राओं का पठन-पाठन भी बाधित होगा। जिलाध्यक्ष बलराज सिंह गुसांईं ने क्लस्टर विद्यालयों खुलने का विरोध करते हुए कहा कि इन विद्यालयों के खुलने से छात्र-छात्राओं को अपने घर से दूर स्कूल जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, जिससे ग्रामीण अपने बच्चों को नजदीक के स्कूलों में शहरो में भेजेंगे और पहाड़ों से पलायन करने वाले ग्रामीणों की संख्या में वृद्धि होगी।