उर्स में बाहरी व्यापारियों के व्यवसाय करने का विरोध

Spread the love

अल्मोड़ा। नगर में आगामी 25 मई से प्रस्तावित कालू सय्यद बाबा के उर्स पर बाहरी व्यापारियों के दुकानें लगाने का स्थानीय व्यापारियों ने विरोध किया है। व्यापार मंडल ने इस संबंध में बैठक कर उर्स आयोजकों को व्यापारियों की आपत्ति से अवगत कराया। मेले में बाहरी के बजाय स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष चौधरी की अध्यक्षता में बीते सोमवार शाम आयोजित बैठक में व्यापारी नेताओं ने उर्स आयोजकों के समक्ष स्थानीय व्यापारियों की आपत्ति को रखा। कहा कि उर्स मेले के दौरान नगर में पर्यटन और लगनों का भी सीजन रहता है। उर्स में बाहर से आए व्यापारियों के व्यवसाय करने से नगर का व्यापार बुरी तरह प्रभावित होता है। कहा, उर्स मेले में बाहरी व्यापारियों के आगमन पर रोक लगनी चाहिए। व्यापार मंडल ने आयोजकों से बाहरी व्यापारियों के स्थान पर स्थानीय व्यापारियों को उर्स में प्राथमिकता देने को कहा। साथ ही उर्स में लगने वाली दुकानों को उर्स समापन के बाद शाम तक हर हाल में हटा लिए जाने का भी आग्रह किया। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष चौधरी सहित उपाध्यक्ष दीपक पंत, महासचिव संदीप गोयल, महिला उपाध्यक्ष नेहा मेहरा, उप सचिव विनीत चौरसिया, कोषाध्यक्ष भुवन पांडे, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी सहित उर्स प्रबंधक खादिम मो़ मोहसिन खान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *