विकासनगर()। लाइन जीवनगढ़ के आबादी क्षेत्र में लगाए जा रहे मोबाइल टावर के विरोध में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टावर के रेडिएशन से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। तहसील मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि एक निजी संचार कंपनी की ओर से कृषि भूमि में मोबाइल टावर लगाया जा रहा है। जिस खेत में टावर लगाया जा रहा है, वहां राजकीय प्राथमिक भी विद्यालय है। इसकी शिकायत पहले भी प्रशासन से की जा चुकी है, बावजूद टावर निर्माण कार्य जारी है। बताया कि टावर से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने का खतरा पैदा हो गया है। टावर से निकलने वाली किरणों से आसपास रहने वाले परिवार गंभीर बिमारियों की जद में भी आ सकते है। छोटे-छोटे बच्चों पर के स्वास्थ्य पर भी बुरा प्रभाव पड़ने का खतरा है। ग्रामीणों ने आवासीय मकानों के समीप स्थापित किए जा रहे मोबाइल टावर निर्माण पर जनहित को ध्यान में रख सख्ती से रोक लगाने की मांग उठाई है। आरोप लगाया कि कुछ लोग अपने निजी आर्थिक लाभ के लिए स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम ने टावर निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में विजय चौहान, मदन, रमेश, मुकेश राणा, वाहिद आदि शामिल रहे।