नगर पालिका दुगड्डा के विस्तारीकरण का विरोध

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर पालिका दुगड्डा के विस्तारीकरण के प्रस्ताव का क्षेत्र के लोगों ने विरोध किया है। सोमवार को विस्तारीकरण के तहत पालिका में शामिल होने वाले गांवों के लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेज इस प्रस्ताव का विरोध किया और इसे वापस लेने की मांग की।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में ऐता, सरूडा सकाली, जोग्याणा, सिम्मलचौड़, गोदी बड़ी, जमनिया, गोदी छोटी के ग्रामीणों ने कहा कि नगर पालिका दुगड्डा में शामिल होना उन्हें मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि वह ग्राम पंचायत स्तर से हो रहे विकास कार्यों से संतुष्ट हैं। आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा अपने इस प्रस्ताव के बारे में ग्राम पंचायतों व विकासखंड दुगड्डा कार्यालय को कोई जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि अगर उनके गांवों को नगर पालिका में शामिल किया जाता है तो उनके वनों के हकहकूक, चारागाह, पेयजल योजनाएं, सिंचाई योजनाएं, चकबंदी आदि प्रभावित होंगे। कहा कि उक्त गांवों में प्रत्येक घर से कचरा नहीं उठाया जा सकता, साथ ही यहां सीवर लाइन बिछाना भी संभव नहीं है। कहा कि उनके गांव जंगल से घिरे हैं, ऐसे में नगर पालिका के लिए उन गांवों का विकास संभव नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उक्त प्रस्ताव को वापस नहीं लिया गया तो वह न्यायालय की शरण लेने के साथ ही सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। ज्ञापन में मनीष चंद्र राणा, अर्जुन सिंह रावत, शिव सिंह, मदन सिंह, शकुंतला देवी, निर्मला देवी आदि के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *