जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : तृतीय गढ़वाल राइफल्स गौरव सेनानी संगठन की ओर से बटालियन का 110वां स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने वीर शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि देश की रक्षा में दिए गए वीर सैनिकों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
भाबर स्थित एक बारातघर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगठन के अध्यक्ष विक्रम सिंह व संरक्षक उम्मेद सिंह नेगी ने लोगों को गढ़वाल राइफल्स के इतिहास के बारे में बताया। कहा कि गढ़वाल राइफल्स की तीसरी बटालियन की स्थापना 20 अगस्त 1916 को लैंसडौन में हुई थी। बटालियन के प्रथम कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल जेएमटी हग के स्थापना से लेकर अब तक बटालियन के जवानों ने विभिन्न युद्धों और ऑपरेशन में अपना योगदान दिया। बटालियन को भारत-पाक युद्ध के दौरान वर्ष 1948 में जम्मू कश्मीर में टीथवाल की लड़ाई में वीरता पदक मिले। इस मौके पर आलम सिंह, दलबीर सिंह रावत, अर्जुन सिंह, बलराम ध्यानी, मुर्खल्या सिंह बिष्ट, प्रेम सिंह, पृथ्वी पाल सिंह, जानकी बल्लभ, राजेंद्र सिंह, बृजमोहन सिंह, सोहन सिंह, अनिल सिंह, हिम्मत सिंह, सुदर्शन सिंह, नरेंद्र ध्यानी, कमल किशोर, दीवान सिंह, यशवंत सिंह, जसवंत जुयाल, दीपक सुयाल आदि मौजूद रहे।