रुद्रप्रयाग : रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय में तैनात आर्थोपैडिक सर्जन डॉ. मनोज बडोनी के निधन से सम्पूर्ण जनपद को क्षति पहुंची है। उन्होंने रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय में साढ़े दस सालों तक सेवाएं दी है। इस बीच हड्डी रोग से जुड़े मरीजों के साथ डॉ. बडोनी सरल एवं आत्मीय संबंध रखते थे, जिस कारण उनकी हर कोई प्रशंसा करता रहा है। उनके निधन से हर कोई दु:खी है। इधर, पोस्टमार्टम रिर्पोट में डॉ. बडोनी की मौत की पुष्टि हृदय गति रुकने से हुई है। 22 नवम्बर 2014 को डॉ. मनोज बडोनी ने रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय में कार्यभार संभाला। इसके बाद उन्होंने कई सालों तक जिला चिकित्सालय में सेवाएं दी। जबकि बीते कुछ सालों से वे माधवाश्रम महराज कोटेश्वर अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। उनके सरल स्वभाव की हर कोई प्रशंसा करता रहा है। साथ ही उनके रुद्रप्रयाग में आर्थोपैडिक सर्जन के रूप में मौजूद रहने से जनपद के दूर दराज से आने वाले मरीजों को काफी लाभ मिलता रहा है। उन्होंने कई कठिन से कठिन ऑपरेशन कर मरीजों की जान बचाई है। यहीं कारण है कि अब, उनके जाने का दु:ख हर किसी को हो रहा है। सोशल मीडिया पर भी उनके जाने का दु:ख व्यक्त किया जा रहा है। डॉ. बडोनी के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम किया गया, जबकि अंतिम संस्कार के लिए शव को हरिद्वार ले जाया गया। (एजेंसी)
रुद्रप्रयाग में बंद रही ओपीडी
मुख्यालय स्थित रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय के साथ ही कोटेश्वर अस्पताल में बुधवार को डॉ. बडोनी के निधन से शोक में ओपीडी सेवाएं बंद रही। जबकि इमरजेंसी और पोस्टमार्टम सेवाएं सुचारु रही। सुबह अस्पताल आने वाले मरीजों को डॉक्टरों के न होने से वापस लौटना पड़ा। हालांकि जिस किसी ने भी घटना के बारे में सुना तो उन्होंने गहरा दु:ख व्यक्त किया है। जिला अस्पताल और कोटेश्वर में डॉ. बडोनी के निधन को लेकर शोक का माहौल रहा। प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ के अध्यक्ष डॉ. मनीष ने बताया कि जिला अस्पताल और कोटेश्वर अस्पताल में ओपीडी सेवाएं बंद रही। सभी डॉक्टर एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखते हुए मृत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। जनपद के सभी अस्पतालों में शोक सभाएं की गई है। (एजेंसी)
सीएमएस के निधन पर जताया शोक
रुद्रप्रयाग : सीएमएस डॉ. मनोज बडोनी के निधन पर चिकित्सकों के साथ ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कैमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. बडोनी एक कुशल डॉक्टर थे उनकी कमी को पूरा करना काफी कठिन है। उनके निधन से जनपद को बड़ी क्षति हुई है। उनके निधन पर रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, सीएमओ डॉ. रामप्रकाश, कैमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपांशु भट्ट, मनीष मैखुरी, सर्जन डॉ. आनंद सिंह बोहरा, फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कार्मिकों ने शोक व्यक्त किया है। (एजेंसी)