श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र श्रीकोट के प्रज्ञा विहार में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित न होने पर स्थानीय जनता बुधवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों ने गर्मियों में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया। स्थानीय निवासी अनिल गुसांई, गजेंद्र बत्र्वाल, विजय भट्ट, जेएस गुसांई, गजेंद्र सिंह खत्री, संदीप थपलियाल, भागवत प्रसाद ने कहा कि बीते 3 वर्षों से जल संस्थान के अधिकारियों से प्रज्ञा विहार में पेयजल समस्या का निस्तारण किए जाने की मांग जा रही है। इसके बावजूद पेयजल समस्या जस की तस बनी हुई है। बताया कि अप्रैल, मई और जून माह में पेयजल समस्या सबसे अधिक चरम पर रहती है। पेयजल आपूर्ति सुचारू न होने पर स्थानीय लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी प्रज्ञा विहार के लिए नई लाइन बिछाने की मांग की जा रही थी, वह भी पूरी नहीं हुई है। कहा कि यदि जल्द से पेयजल समस्या का निस्तारण नहीं होता है तो शिकायत को सीएम पोर्टल पर दर्ज कर स्थानीय लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर हर्षवर्धन सेमवाल, जगदम्बा उनियाल, यशपाल सिंह रावत, कमल किशोर उनियाल आदि मौजूद थे। (एजेंसी)