सड़क निर्माण के दौरान पेयजल योजना ध्वस्त होने से ग्रामीणों में आक्रोश

Spread the love

बागेश्वर। सिमस्यारी गांव के ओढलोहार व सरना गांव के लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं। सड़क निर्माण के दौरान पेयजल योजना ध्वस्त होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। गुरुवार को उपजिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ग्रामीणों की समस्या सुनने गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई और पेयजल व्यवस्था सुचारू नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण में उनकी भूमि काटी गई है, लेकिन उनके गांवों तक यह सड़क नहीं बनाई जा रही है। दूसरी तरफ पेयजल लाइन भी ध्वस्त कर दी गई है। कई महीनों से वह पानी के लिए तरस रहे हैं। ठेकेदार से पेयजल योजना सुचारू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन वह डरा और धमका रहे हैं। पुलिस-प्रशासन का भय बना रहे हैं। इतना ही नहीं, गांव में सरकारी नौकरी करने वालों को भी धमका रहे हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी से कहा कि उन्हें पेयजल की व्यवस्था सुचारू की जाए। सड़क निर्माण की जांच और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ऐसा नहीं होने पर वह उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सड़क का लाभ तो दूर पानी के लिए भी वंचित कर दिया गया है। इस मौके पर बहादुर सिंह बिष्ट, महेश पंत, अर्जुन देव, विजय कुमार, जगदीश चंद्र, मनोज कुमार, धीरज कुमार, महेश चंद्र, सुभाष चंद्र आदि मौजूद थे। इधर, एसडीएम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया और पेयजल आदि की व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश जलसंस्थान को दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *