देहरादून। सोमवार को उपनल कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल में आउटसोर्स कर्मचारी भी शामिल होंगे। दून मेडिकल कलेज अस्पताल में इसका बड़ा प्रभाव देखने को मिल सकता है। क्योंकि यहां पर 80 फीसदी से ज्यादा कर्मचारी उपनल एवं आउटसोर्स के है। उपनल कर्मचारियों ने भी इस बार हड़ताल व्यापक स्तर पर करने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों की हड़ताल से बिलिंग, पंजीकरण, दवा काउंटर, ओपीडी, आईपीडी प्रभावित हो सकते हैं। उधर, सूत्रों ने बताया कि दून अस्पताल में पटल परिवर्तन एवं अंसतोष का मुद्दा भी इस हड़ताल में मुद्दा बनाने की तैयारी है। कर्मचारियों में इसे लेकर काफी आक्रोश है। स्टेट फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स यूनियन प्रदेश अध्यक्ष संजय कोरंगा ने बताया कि आउटसोर्स एजेंसी से लगे कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। उनको समान कार्य का समान वेतन दिया जाए। किसी भी कर्मचारियों को मेडिकल कलेज से नही हटाया जाए। कर्मचारियों का शोषण बंद किया जाए। उधर, जिलाध्यक्ष उपनल गणेश गोदियाल ने कहा कि उपनल कर्मचारियों की लंबे समय से मांगे लंबित है, सरकार-विभागों को उनकी मांगे माननी चाहिए। आंदोलन व्यापक स्तर पर होगा।