आर्थिक संकट से जूझ रहे स्वास्थ्य विभाग के आउटसोर्स कर्मी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के माध्यम से आउटसोर्स पर कार्यरत 150 से अधिक कर्मचारियों को अक्तूबर माह से अब तक वेतन नहीं मिल पाया है। जिस कारण कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वेतन न मिलने के कारण कई कर्मचारियों परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने कहा कि तीन माह से भुगतान न होने के कारण उन्हें उधार लेकर जीवन यापन करना पड़़ रहा है जिससे मानसिक तनाव भी बढ़ गया है।
स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर तैनात ये आउटसोर्स कर्मचारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित सेवाएं दे रहे हैं और विभागीय कार्यों की रीढ़ माने जाते हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं पर अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। इस दौरान आउटसोर्स कर्मचारी राहुल, आयुष सपना सीमा आदि का कहना है कि अधिकांश कर्मचारी किराए के मकानों में रहते हैं। बच्चों की स्कूल फीस, घर का किराया, बिजली-पानी के बिल और दैनिक खर्चों का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। वेतन न मिलने के कारण कई परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि कई परिवार पूरी तरह इसी नौकरी की आय पर निर्भर हैं। आउटसोर्स एजेंसी की ओर से बार-बार आश्वासन तो दिया गया लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव प्रसाद शुक्ल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि संबंधित आउटसोर्स कंपनी से बातचीत की गई है और कंपनी ने एक सप्ताह के भीतर कर्मचारियों का वेतन जारी करने का भरोसा दिया है। साथ ही इस समस्या से एनएचएम को भी अवगत करा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *