पेयजल योजना का स्वामित्व ग्राम पंचायत लड़ियासु को सौंपा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत लड़ियासु में हर घर नल योजना पूर्ण होने के उपरांत ‘जल अर्पण दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन तुनेटा में किया गया। योजना के सफल संचालन के साथ ही प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचने पर ग्रामवासियों में उत्साह का वातावरण रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र रावत मौजूद रहे। इस अवसर पर लड़ियासु गांव के लिए लेख-लवाड़ी पेयजल योजना, जो 31.51 लाख रुपये की लागत से पेयजल निगम रुद्रप्रयाग द्वारा तैयार की गई है, का विधिवत लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पेयजल योजना का स्वामित्व प्रमाण पत्र ग्राम प्रधान एवं ग्राम पेयजल संचालन समिति को सौंपा गया। योजना के सुचारू संचालन से अब गांव के प्रत्येक परिवार को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। मुख्य अतिथि विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा प्रारंभ की गई जल जीवन मिशन योजना का उद्देश्य ‘हर घर नल, हर नल में जल’ सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि योजना के पूर्ण होने से प्रत्येक परिवार को शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र रावत ने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भविष्य में संभावित जल संकट से निपटने के लिए जल संरक्षण एवं संवद्र्धन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्राम स्तर पर ठोस कार्य योजना बनाकर जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास करने पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ किया गया कि जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान लड़ियासु सुंदर लाल, ग्राम प्रधान तुनेटा, ललिता देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र डिमरी, प्रधान कांडा अमित रावत, पूर्व प्रधान सेमा शशि नौटियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *