श्रीनगर गढ़वाल : अजमेर (राजस्थान) के पटेल सिंथेटिक स्टेडियम में आयोजित 7वीं नेशनल मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में उत्तराखंड के एथलीट पदम सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 800 मी. दौड़ में रजत तथा 1600 मी. दौड़ में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता से लौटने के बाद नगर निगम क्षेत्र के बैद्यगांव बिलकेदार निवासी पदम सिंह गुसांई ने बताया कि यह प्रतियोगिता 31 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई थी। जिसमें देशभर के 25 राज्यों से 4000 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त पदम सिंह वर्तमान में बीएसएनएल में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने दैनिक कार्यों के अलावा स्वयं नियमित अभ्यास करने के साथ-साथ विष्णुलोक, देहरादून में रहकर युवाओं को भी प्रशिक्षण देकर खेलों के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका अगला लक्ष्य आगामी अंतरराष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा करना है। (एजेंसी)