घर में लगी आग, बुजुर्ग दंपत्ति की दर्दनाक मौत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सोमवार देर रात पाबौ चौकी क्षेत्र के थापली गांव में एक घर में आग लग गई। जिससे घर में रह रहे बुजुर्ग दंपति बुरी तरह से झुलस गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग घर पर अकेले रहते थे। खाना बनाने व आग सेंकने के दौरान घटना होने की आशंका जताई जा रही है।
पाबौ चौकी क्षेत्र के थापली गांव में एक मकान में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दोनों बुजुर्ग बुरी तरह से झुलस गए। पाबौ चौकी इंचार्ज दीपक पंवार ने बताया कि ग्राम प्रधान थापली ने सूचना दी कि गांव में रह रहे एक बुजुर्ग दंपत्ति के घर में आग लग गई है। कहा कि सूचना पर फायर पुलिस को सूचना दी गई। साथ ही पाबौ चौकी से पूरी टीम मौके के लिए रवाना हुई। थापली गांव चौकी से करीब 30 से 35 किलोमीटर दूर है। दीपक पंवार ने कहा कि जब तक बचाव दल थापली गांव पहुंचा तब तक काफी देर हो चुकी थी। बचाव दल ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया। लेकिन आग बमुश्किल नियंत्रित हो पाई। उन्होंने बताया कि भवन लकड़ी और पठाल का होने के चलते आग काफी भड़क चुकी थी। घटना में भवन स्वामी 90 वर्षीय बंदूर लाल पुत्र गंभीर लाल व उनकी पत्नी 82 साल की गोदावरी देवी काफी झुलस चुके थे। बचाव दल ने दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्तपाल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार बुजुर्ग दंपति करीब 90 फीसदी झुलस चुके थे। जिससे उनकी मौत हो गई। चौकी प्रभारी दीपक पंवार ने बताया कि बुजुर्ग दंपत्ति अकेले रहते थे। दंपत्ति के तीन बच्चे थे कुछ साल पहले ही एक दुर्घटना में तीनों की मृत्यु हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *