टी-20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन को लेकर पाकिस्तान के खिलाड़ियों पर नहीं लगेगा जुर्माना

Spread the love

नईदिल्ली पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने यह अफवाह खारिज कर दी है कि टी-20 विश्व कप 2026 में जल्दी बाहर होने पर खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया। यह अटकलें तब उभरीं जब पाकिस्तान 20 टीमों के टूर्नामेंट में सेमीफाइनल में जगह बनाने में असफल रहा और लगातार चौथी बार आईसीसी इवेंट में सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच सका। कई रिपोर्ट में कहा गया था कि हर खिलाड़ी पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसे पीसीबी ने नकार दिया है।
पीसीबी के प्रवक्ता आमिर मीर ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने कभी भी ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया। उन्होंने कहा कि यह सब केवल सोशल मीडिया की अफवाहें थीं। उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि पीसीबी के नियमों में ऐसी किसी कार्रवाई का कोई प्रावधान या मिसाल मौजूद नहीं है। उनके बयान से यह साफ हो गया कि खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाने की खबर निराधार है।
पाकिस्तान के टी-20 विश्व कप में हार के बाद खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाने की अफवाहों को लेकर पीसीबी की काफी आलोचना हुई। पूर्व कप्तान यूनिस खान ने कहा कि अगर यह सच है तो खिलाड़ियों को ऐसे कदम के खिलाफ खड़ा होना चाहिए और किसी को भी राष्ट्रीय टीम के लिए पूरा प्रयास करने पर सजा नहीं दी जानी चाहिए। वहीं, कोच माइक हेसन और कप्तान सलमान आघा को टीम के प्रदर्शन के लिए काफी ट्रोल किया गया।
सुपर-8 चरण में पाकिस्तान का न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ हुआ पहला मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया था। ऐसे में दोनों टीमों को एक-एक अंक बांटना पड़ा था। इसके बाद उसे इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ हुए दूसरे मुकाबले में 2 विकेट से करीबी हार झेलनी पड़ी थी। इसी तरह आखिरी मुकाबले में उसे श्रीलंका के खिलाफ 5 रन से जीत मिली। ऐसे में वह तीसरे स्थान पर रही और सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई।
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *