भारत के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2026 में मैच खेलेगा पाकिस्तान, हुआ आधिकारिक ऐलान

Spread the love

नईदिल्ली,। टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच 15 फरवरी को होने वाला मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से ही होगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) आखिरकार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के दबाव के आगे झुक गया। बता दें कि इससे पहले पाकिस्तानी सरकार ने भारत के खिलाफ कोलंबो में होने वाले मैच के बहिष्कार की घोषणा की थी, जिससे विवाद बढ़ गया था। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
पीसीबी ने बयान जारी करते हुए कहा, ‘पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आईसीसी और बीसीबी के बीच हुई उच्च-स्तरीय बातचीत के नतीजों के बारे में औपचारिक रूप से जानकारी दी।’ बोर्ड ने आगे कहा, ‘कई देशों के साथ बातचीत के नतीजों और दोस्त देशों के अनुरोध को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार क्रिकेट टीम को 15 फरवरी, 2026 को टी-20 विश्व कप में अपने तय मैच के लिए मैदान में उतरने का निर्देश देती है।’
आईसीसी ने पीसीबी और बीसीबी के बीच लाहौर में हुई बैठक की जानकारी साझा की। आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई वित्तीय, खेल या प्रशासनिक पेनल्टी नहीं लगाई जाएगी। बता दें कि बांग्लादेश ने टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारत का दौरा करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से ऐसी संभावनाएं जताई जा रही थी कि बीसीबी के खिलाफ आईसीसी आर्थिक प्रतिबंध लगा सकता है।
बीते रविवार (8 फरवरी) को लाहौर में आईसीसी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई थी। इस बैठक का मुख्य एजेंडा टी-20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान मैच की स्थिति को स्पष्ट करना था। इस लंबी बैठक के बाद विवाद खत्म हुआ और यह मैच खेले जाने का रास्ता साफ हुआ।
बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में टी-20 विश्व कप खेलने से इनकार किया था। वहीं, 24 जनवरी को आईसीसी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया था। इस पर पीसीबी अध्यक्ष नकवी ने नाराजगी जताते हुए आईसीसी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाने के साथ पाकिस्तान की भागीदारी पर संदेह जताया था। इसी क्रम में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की बात कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *