पलायन के दौर में भी जीवंत है रामलीला की परंपरा

नई पीढ़ी बखूबी आगे बढ़ा रही सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक तकनीक से हाईटेक हुआ मंचन
जगमोहन डांगी।
पौड़ी : देवभूमि उत्तराखंड के पहाड़ों में इन दिनों रामलीलाओं के मंचन का दौर शुरू हो गया है। पलायन के चलते पर्वतीय क्षेत्रों के कई गांवों में रामलीला मंचन की परंपरा बंद हो चुकी है, लेकिन नगरों और कस्बों में आज भी यह सांस्कृतिक विरासत जीवंत है।


दूसरी और तीसरी पीढ़ी के लोग इन परंपराओं को बखूबी आगे बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में सतपुली बाजार की प्रसिद्ध रामलीला का आयोजन नगर पंचायत सतपुली में किया जा रहा है। यहां रामलीला मंचन को लेकर युवाओं और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सूचना एवं प्रौद्योगिकी के इस दौर में रामलीला का मंचन भी आधुनिक तकनीक से जुड़ गया है। बेहतर प्रकाश व्यवस्था और प्लेबैक ध्वनि जैसी सुविधाओं ने मंचन को आकर्षक बनाया है। वहीं, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के बढ़ते चलन के बावजूद रामलीला देखने के लिए दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। नगर पंचायत सतपुली के पुराने मैदान में आयोजित रामलीला में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। नयार नदी के किनारे बसे सतपुली में रामलीला के आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। रामलीला कमेटी आयोजन को सफल बनाने के साथ ही क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने में अहम भूमिका निभा रही है। कमेटी के अध्यक्ष जगदंबा प्रसाद डंगवाल भी रामलीला के आयोजन और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय हैं। रामलीला के मंचन में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान और रावण सहित विभिन्न पात्रों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत किया जाता है। इसके जरिए लोगों को सत्य, त्याग, धर्म, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का संदेश मिलता है। नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, निर्देशक होशियार सिंह बिष्ट, अचलानंद डोबरियाल, सत्यनारायण बेदी, व्यापार मंडल अध्यक्ष सतपुली जयदीप नेगी आदि रामलीला के मंचन में सहयोग कर रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *