जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए पांच दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक थलीसैंण में किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण एनजीओ बल कल्याण महिला विकास शिक्षा प्रचार-प्रसार समिति द्वारा संचालित है, जिसका उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को उनके दायित्वों, अधिकारों एवं कार्य प्रणाली की समग्र जानकारी प्रदान करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पंचायत व्यवस्था, ग्राम विकास योजनाएं, वित्तीय प्रबंधन, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, शिक्षा, सामाजिक न्याय तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। प्रतिभागियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से ग्राम स्तर पर योजनाओं के बेहतर संचालन की जानकारी भी दी जा रही है। ट्रेनर अर्पित पांडे द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि नव निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए यह प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे अपने कार्यकाल में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ा सकें। कार्यक्रम में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने कर्तव्यों को समझने और ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने में सहायता मिलेगी। आयोजक संस्था ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि पंचायत स्तर पर सुशासन और विकास को मजबूती मिल सके।