पंचायतीराज मंत्री महाराज ने दिया एसीआर का अधिकार

Spread the love

-अब जिला पंचायत अध्यक्ष लिख सकेंगे मुख्य विकास अधिकारी व अपर मुख्य अधिकारी की एसीआर
जयन्त प्रतिनिधि।
रामनगर : पंचायतों को सशक्त करने की दिशा में सोमवार को एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पंचायतीराज मंत्री सतपाल महाराज ने जिलापंचायत अध्यक्षों को मुख्य विकास अधिकारियों और अपर मुख्य अधिकारी की वार्षिक चरित्र प्रविष्टि में अंकन करने (एसीआर) का अधिकार दे दिया है।
पंचायतीराज मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को ढिकुली स्थित एक रिसोर्ट में 73वें संविधान संशोधन के तहत त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं को सम्पूर्ण अधिकार हस्तान्तरण विषय पर प्रदेश के समस्त जनपदों से आये जिला पंचायत अध्यक्षों की बैठक में यह निर्णय लिया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष संगठन की अध्यक्ष (टिहरी की जिला पंचायत अध्यक्ष) सोना सजवाण ने पंचायतीराज मंत्री के सामने एक मांग पत्र रखा। जिसमें 73वें संविधान संशोधन के तहत जो 29 विषय पंचायतों को हस्तान्तरित किये जाने हैं, उनको तुरंत पंचायतों को हस्तांतरित किये जाने, सीडीओ और एएमए की सीआर लिखने का अधिकार दिए जाने सहित कई माँगे शामिल थीं। विषय की गंभीरता को देखते हुए पंचायतीराज मंत्री ने इसका अनुपालन करने का आश्वासन देते हुए जिला पंचायत अध्यक्षों को मुख्य विकास अधिकारी व अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत के सीआर के अंकन के समय अपना मन्तव्य अंकित करने का अधिकार दे दिया। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्षों को राज्य मंत्री स्तर का दर्जा और अन्य सुविधाएं भी दिए जाने के संबंध में शीघ्र निर्णय लेने की बात कही। महाराज ने जिला पंचायत संगठन की सरकारी गेस्ट हाउस में राज्य मंत्री के लिए अनुमान्य दरों के समान छूट प्रदान करने, आदि सभी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पंचायती राज मंत्री द्वारा पंचायत क्षेत्रों में साफ सफाई ठीक रखने, पेयजल स्रोतों को पुनर्जीवित करने, उनके संरक्षण करने, बाल हितैषी पंचायत बनाने, आजीविका समवर्धन सहित सतत विकास लक्ष्यों के सभी सत्रह लक्ष्यों को प्राप्त करने के सम्बंध में सक्रिय और समय बद्ध तरीके से कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होने पंचायतों के आय के स्रोत बढ़ाने व ऐसी परियोजनाओं के निर्माण के निर्देश दिए, जिससे जिला पंचायतों की आय बढ़ सके। कार्यक्रम में रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, मधु चौहान, दीपक विजल्याण, शान्ति देवी, अमर देई शाह, बेला तोकिया, बसंती देव, ज्योति राय, उमा बिष्ट, दीपिका बोहरा आदि मौजूद रहे।
x

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *