मयकोट में गुलदार दिखने से ग्रामीणों में दहशत

Spread the love

नई टिहरी : भिलंगना ब्लॉक की बालगंगा रेंज के मयकोट में दो गुलदार दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाकर गुलदारों को पकड़ने की मांग की है। मयकोट के ग्राम प्रधान वीरपाल बिष्ट ने बताया कि सोमवार शाम को दो गुलदार गांव के आस-पास चहलकदमी करते दिखाई दिए। जिसके बाद ग्रामीण दहशत में आ गए। उन्होंने बताया कि, क्षेत्र में गुलदारों की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है तथा लोग देर शाम को ही घरों के अंदर कैद हो गए। बीते एक वर्ष पूर्व गुलदार ने गांव में एक 9 वर्षीय बालक को अपना निवाला बना दिया था। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने गुलदार को शूट कर लिया था, लेकिन अब दो-दो गुलदार एक साथ दिखाई देने से फिर से लोग दहशत में आ गए। स्थानीय निवासी कुंवर सिंह रावत ने बताया कि रात में गुलदार लाटा में स्थित एक मुर्गी फार्म के आसपास चहलकदमी करते रहे। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में रात्रि गश्त करने के साथ ही पिंजरा लगाकर गुलदारों को पकड़ने की मांग की है। रेंज अधिकारी प्रदीप चौहान ने लोगों से सतर्क रहने के साथ ही घरों के आसपास झाड़ियों की सफाई करने, घरों की लाइटें जलाकर रखने व बच्चों को रात को बाहर न भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि, क्षेत्र में विभागीय गश्ती दल तैनात किया जाएगा। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *