पनियाली गदेरे को बनाया कूड़ा घर, संक्रामक बीमारियों का खतरा

Spread the love

देवी रोड में पुलिया के नीचे पनियाली गदेरे में डाली जा रही गंदगी
शिकायत के बाद भी समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा सिस्टम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वर्तमान में संक्रामक बीमारियों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बाजवूद इसके कुछ लोग लापरवाह बने हुए हैं। हालत यह है कि देवी रोड में पुलिया के नीचे पनियाली गदेरे में खुलेआम गंदगी डाली जा रही है। बड़ी मात्रा में एकत्रित गंदगी के कारण क्षेत्र में दुर्गंध का महौल बना हुआ है। ऐसे में आसपास के परिवारों का सांस लेना भी दूभर हो चुका है।
घाड़ क्षेत्र के जंगल से निकलने वाला पनियाली गदेरा तीन किलोमीटर के हिस्से में नगर से होकर गुजरता है। लेकिन, वर्तमान में कई लोगों ने इस गदेरे को कूड़ा घर बना दिया है। खुलेआम गदेरे में दुकान व घरों से निकलने वाली गंदगी को डाला जा रहा है। गंदगी के ढेर से उठने वाली दुर्गंध ने संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ा दिया है। देवी रोड निवासी सुदर्शन सिंह, बबीता देवी, मुन्नी देवी ने बताया कि दुर्गंध के कारण पुलिया से गुजरने वाले लोगों को मुंह पर कपड़ा लगाकर चलना पड़ता है। पूर्व में कई बार नगर निगम से गंदगी डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठा चुके हैं। लेकिन, अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है।

मांस विक्रेता फैला रहे गंदगी
देवी रोड में पनियाली गदेरे के आसपास कई मांस की दुकानें भी संचालित हो रही हैं। ऐसे में मांस विक्रेता भी अपनी प्रतिष्ठानों से निकलने वाले अपशिष्ट को पनियाली गदेरे में ही डाल रहे हैं। जबकि, पूर्व में नगर पालिका व प्रशासन मांस विक्रेताओं को कई बार चेतावनी भी दे चुका है। शाम ढलते ही कई मांस विक्रेता खुलेआम गदेरे में अपशिष्ट डालते हुए आसानी से देखे जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *