पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार से बढ़ेगी पर्यटकों की आवाजाही : भट्ट

Spread the love

रुद्रपुर(। सांसद एवं भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण हवाई अड्डा सलाहकार समिति के अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सभागार में समिति की बैठक हुई। सांसद भट्ट ने कहा कि पंतनगर हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। लगभग 380 करोड़ की लागत से विस्तारीकरण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। भट्ट ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार से प्रदेश में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी। सीडीओ दिवेश शाशनी ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए 524.70 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्राधिकरण को आवंटित की जा चुकी है। संबंधित भूमि पर भवनों के ध्वस्तीकरण और पेड़ों के कटान का कार्य चल रहा है। प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ों को चिह्नित कर उनके कटान की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। पंतनगर एयरपोर्ट निदेशक पवन कुमार ने बताया कि बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक 3 हजार मीटर रनवे, नया टर्मिनल, हैंगर, कार्गो व आईएलएस सुविधा विकसित की जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए एटीएम, कार पार्किंग, टैक्सी-रिटेल काउंटर और वाई-फाई जैसी सेवाओं को भी बेहतर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्वीकृत 75 पदों में से केवल 20 पर ही तैनाती है। इस पर सांसद भट्ट ने डीजीपी से सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कराने के लिए पत्र लिखने और स्वयं बात करने का आश्वासन दिया। एनएचएआई के पीडी ने बताया कि विस्तारीकरण की जद में आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को शिफ्ट करने का सर्वे पूरा हो चुका है। टेंडर की प्रक्रिया के बाद जल्द कार्य शुरू होगा। एसडीएम मनीष बिष्ट ने बताया कि वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सिंचाई विभाग के साथ नदी-नालों का निरीक्षण कर लिया गया है और शीघ्र ही ड्रेनेज कार्य शुरू होगा। इसके अलावा सांसद अजय भट्ट ने जिला कार्यालय में कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ भी दिलाई। बैठक में ये रहे मौजूद एसपी क्राइम निहारिका तोमर, एडीएम कौस्तुभ मिश्र, प्रभारी नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, डीजीएम एयरपोर्ट अनूप गुप्ता, पीएस बृजवाल, सदस्य हेमंत कुमार नरूला, शुभम टंडन, लोकेश जोशी, नरेश चंद्र, विमल लोसाली, कपिल शर्मा, योगेश वर्मा, पीडी एनएचएआई मेहुल जिंदल, प्रबंधक मीनू आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *